संस्कारों की ओर वापसी: एक जरूरी पहल
क्या आपने कभी सोचा है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम कहीं अपने मूल्यों और संस्कारों से दूर तो नहीं हो गए हैं?🤔
आज के बदलते समय में यह प्रश्न और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि कहीं हमारे व्यवहार और सोच में ऐसा बदलाव तो नहीं आ रहा, जो हमें हमारे मूल संस्कारों से दूर ले जा रहा है।
जहाँ एक ओर तकनीक ने हमें अनेक सुविधाएँ दी हैं, वहीं दूसरी ओर हमारे कर्तव्य, व्यवहार, रिश्तों और सोच में एक सूक्ष्म लेकिन गहरा परिवर्तन भी आया है। क्या अब भी हम बड़ों का आदर, छोटों से स्नेह और समाज के प्रति अपने दायित्वों को उतनी ही गंभीरता से निभा पा रहे हैं?
“संस्कार वाटिका” इसी चिंतन के साथ एक नई शुरुआत है—एक ऐसा प्रयास, जहाँ हम मिलकर उन मूल्यों की ओर लौटने की राह खोजेंगे, जो हमारे जीवन को सुंदर, संतुलित और सार्थक बनाते हैं।
कुछ दिन पहले की बात है… मेरे एक मित्र ने मुझसे दो घटनाएँ साझा कीं—साधारण सी लगने वाली, लेकिन गहरे विचार छोड़ जाने वाली !!!
पहली घटना शाम की है । वह अपने घर की बालकनी में बैठे थे। अचानक सामने वाले घर से तेज़ आवाज़ें आने लगीं। एक छोटी-सी बात पर परिवार के सदस्य आपस में बहस कर रहे थे। बात इतनी बढ़ गई कि शब्दों की मर्यादा भी टूट गई। रिश्तों की गरिमा जैसे कहीं खो गई थी, और पूरा वातावरण अशांत प्रतीत हो रहा था।
दूसरी घटना उसी दिन सुबह की थी। एक पड़ोसी ने बिना किसी ठोस कारण के अत्यंत कठोर शब्दों में बात की। जब किसी ने उन्हें उनकी गलती का एहसास कराने की कोशिश की, तो शांत होने के बजाय वे और अधिक क्रोधित हो उठे। परिणामस्वरूप, पड़ोस की मिठास कड़वाहट में बदल गई।
इन दोनों घटनाओं को सुनते-सुनते ऐसा लगा मानो मेरे मन में ऐसी ही अनगिनत घटनाओं की एक पूरी श्रृंखला चल पड़ी हो… और, शायद इस समय आप भी अपने आसपास की ऐसी ही घटनाओं को याद कर पा रहे होंगे।
यही आज के समाज की एक सच्ची तस्वीर है—जो हमें भीतर तक सोचने पर मजबूर कर देती है।
मैं इन्हीं विचारों में डूबता-उतराता रहा और तभी—डूबते को तिनके का सहारा मिलने की तरह—मुझे एक किनारा दिखाई दिया… वह किनारा था “संस्कार” का।
और वहीं मुझे एक स्पष्ट अनुभूति हुई— अब समय आ गया है कि हम फिर से अपने मूल्यों और संस्कारों की ओर लौटें।
इसी सकारात्मक भावना के साथ मैं इस यात्रा की शुरुआत कर रहा हूँ। मुझे विश्वास है कि इस “संस्कार यात्रा” में आप मेरे साथ चलेंगे—और इस प्रयास रूपी रथ के, आप, सारथी भी बनेंगे।
आज के सामाजिक परिवेश में हम साफ देख सकते हैं कि लोगों के व्यवहार में बेसब्री और बेरुखी बढ़ती जा रही है, जबकि सहिष्णुता, सौहार्द, नम्रता, सहनशीलता और अनुशासन जैसे गुण कम होते जा रहे हैं। मानवीयता का पक्ष कहीं न कहीं कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।
इसके उदाहरण हमारे आसपास हर जगह दिखाई देते हैं, जैसे—
- घर में छोटी-छोटी बातों पर विवाद हो जाना
- पड़ोसियों के साथ बिना वजह कटु व्यवहार
- अपनी गलती बताने पर शांत रहने के बजाय क्रोधित हो जाना
- बातचीत में शब्दों की मर्यादा का ध्यान न रखना
- उम्र, लिंग या स्थान का सम्मान किए बिना व्यवहार करना
- दूसरों को असुविधा पहुँचाने के बाद भी खेद न जताना
- सड़कों पर छोटी-छोटी बातों पर विवाद होना
- नियमों की अनदेखी करना
ये केवल छोटी–छोटी गलतियाँ नहीं हैं—ये हमारे भीतर से संस्कारों के धीरे–धीरे क्षीण होने के संकेत हैं।
जब ये प्रवृत्तियाँ बढ़ती हैं, तो उनका प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि धीरे-धीरे परिवार, समाज और
राष्ट्र तक फैल जाता है। इसके परिणामस्वरूप हम देखते हैं—
👉 जिम्मेदारियों से बचने की प्रवृत्ति
👉 अनुशासनहीनता
👉 नियमों का उल्लंघन और बढ़ती अराजकता
👉 सार्वजनिक स्थलों पर असंवेदनशील व्यवहार
👉 भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी
👉 सामाजिक कार्यक्रमों में असंयम और शोर-शराबा
क्या हम सच में ऐसे समाज की कल्पना करते हैं?
धीरे-धीरे हम सभी कहीं न कहीं आत्मकेंद्रित होते जा रहे हैं—
- जहाँ हमें अपनी बात सही लगती है, पर अपनी गलती दिखाई नहीं देती…
- और दूसरों की भावनाएँ महत्वहीन लगने लगती हैं।
लेकिन एक महत्वपूर्ण प्रश्न है—क्या यह स्थिति बदली नहीं जा सकती?
उत्तर है—हाँ, बिल्कुल बदली जा सकती है।
संस्कार कोई कठिन या भारी-भरकम विषय नहीं हैं। ये हमारे रोज़मर्रा के छोटे-छोटे व्यवहार में ही छिपे (समाहित) होते हैं:
- विनम्रता से बात करना
- गलती होने पर “मुझे खेद है” कहना
- दूसरों की बात धैर्य से सुनना
- हर व्यक्ति का सम्मान करना
- अपने कार्यों से किसी को दुख न पहुँचाना
यदि हम इन सरल बातों को अपने जीवन में उतार लें, तो न केवल हमारा व्यक्तित्व बदलेगा, बल्कि हमारे आसपास का वातावरण भी सकारात्मक और शांतिपूर्ण बन जाएगा।
आज आवश्यकता है कि हम इन मूल्यों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनें। क्योंकि—
परिवार की नींव, समाज की स्थिरता और राष्ट्र का भविष्य—सभी हमारे संस्कारों पर ही आधारित हैं।
इसी विचार के साथ मैं इस ब्लॉग के माध्यम से एक नई यात्रा प्रारंभ कर रहा हूँ—संस्कारों को समझने, अपनाने और पुनः स्थापित करने की यात्रा ।
आइए, हम मिलकर इस यात्रा का हिस्सा बनें…क्योंकि बदलाव की शुरुआत हमेशा स्वयं से होती है।
👉अगली पोस्ट में हम जानेंगे:
- संस्कार क्या हैं?
- ये कैसे बनते हैं?
- और आखिर ये खो कहाँ जाते हैं?
तब तक…अपने अनुभवों और किस्सों को संजोकर रखिए। क्योंकि हो सकता है, उन्हीं में हमें अपने संस्कारों का आईना दिख जाए।
धन्यवाद 🙏
आपका हमसफ़र
प्रकाश चन्द्र बरखने@संस्कार वाटिका